पौड़ी

बस अड्डे पर अमृत कक्ष का शुभारंभ, महिलाओं को मिली सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधा

डीएम ने बस अड्डे का किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी; सफाई, पेयजल और सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश

पौड़ी। महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय स्थित बस अड्डे पर अमृत कक्ष (फीडिंग रूम) का शुभारंभ किया गया। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बाल विकास विभाग द्वारा निर्मित अमृत कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने बस अड्डे का व्यापक निरीक्षण कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने अमृत कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और एक महिला लाभार्थी से संवाद कर फीडबैक लिया। उन्होंने एक नन्हीं बच्ची को खिलौना भेंट कर उसका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि धात्री माताओं और शिशुओं की सुविधा के लिए बनाए गए इस कक्ष में महिलाएं यात्रा के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और निजी वातावरण में अपने शिशुओं को स्तनपान करा सकेंगी।

सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी संचालित

बस अड्डे पर महिलाओं एवं किशोरियों के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी संचालित की जा रही है। कलेक्ट्रेट और विकास भवन में भी पिछले दो माह से ऐसी मशीनें संचालित हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अमृत कक्ष और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाओं से महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

गंदगी मिलने पर डीएम ने जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान बस अड्डे के शौचालयों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। कुछ शौचालयों में पेयजल और नलों की व्यवस्था भी अधूरी पाई गई। उन्होंने संबंधित संस्था सुलभ इंटरनेशनल को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और सभी शौचालयों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकतानुसार टोंटियां लगाने को भी कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार नहीं होने पर संबंधित संस्था के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।

शौचालय परिसर में विभिन्न सामग्रियों के अव्यवस्थित रखरखाव पर उन्होंने कैबिनेट स्थापित कर सामग्री को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए। वहीं बस अड्डा परिसर में क्षतिग्रस्त कुर्सियों को तत्काल बदलने तथा यात्रियों के लिए पर्याप्त और टिकाऊ बैठने की व्यवस्था करने को कहा।

बस अड्डे के सौंदर्यीकरण की बनेगी कार्ययोजना

डीएम ने बस अड्डे की दीवारों पर अनधिकृत बैनर और पोस्टर न लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, इसलिए यहां सभी सुविधाएं उच्च गुणवत्ता की और यात्रियों के अनुकूल होनी चाहिए।

बस अड्डे के समग्र सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्ययोजना में भवन का रंग-रोगन, फ्लोरिंग, आधुनिक बैठने की व्यवस्था, परिसर का सौंदर्यीकरण सहित अन्य आवश्यक कार्य शामिल करने को कहा गया।

इस अवसर पर एआरटीओ एनके ओझा, मंगल सिंह, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, नरेंद्र टम्टा, अरविंद रावत सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *