पौड़ी

सीएचसी पाबौ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 146 मरीजों ने उठाया लाभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर जनपदभर में चल रहे हैं विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार सेवाएं

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार आमजन को घर के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों के क्रम में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) पाबौ में स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख लता रावत ने किया। शिविर के पहले दिन 146 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।

जिला प्रशासन के अनुसार जनपद में 4 जुलाई से 17 अगस्त 2026 तक सभी विकासखंडों में तीन-तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक बीरोंखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पटीसैंण, कल्जीखाल, खिर्सू, कोट तथा नैनीडांडा में शिविर संपन्न हो चुके हैं। आगामी चरण में जिला चिकित्सालय पौड़ी, पीएचसी पोखड़ा, सीएचसी रिखणीखाल, सीएचसी थलीसैंण, सीएचसी यमकेश्वर तथा पीएचसी जयहरीखाल में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि शिविरों में स्त्री एवं प्रसूति रोग, अस्थि रोग, सामान्य चिकित्सा, ईएनटी, नेत्र रोग तथा रेडियोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला ने बताया कि शिविरों में पैथोलॉजी जांच, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र हेतु चिकित्सीय परीक्षण, गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जांच, टीबी, एनीमिया, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, निःशुल्क दवा वितरण, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य परामर्श, रक्तदान संबंधी सेवाएं, सिकल सेल जांच तथा गर्भवती एवं प्रसवोत्तर महिलाओं के लिए एएनसी और पीएनसी सेवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी पाबौ डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि पहले दिन कुल 146 मरीजों ने शिविर का लाभ लिया, जिनमें 52 पुरुष और 94 महिलाएं शामिल रहीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्त्री एवं प्रसूति रोग के 6, फिजीशियन के 21, अस्थि रोग के 20 तथा नेत्र रोग के 50 मरीजों की जांच एवं उपचार किया। इसके अलावा 40 लाभार्थियों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (एबीएचए) आईडी बनाई गई, 36 एक्स-रे किए गए, 83 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 24 लोगों की टीबी जांच, 25 लोगों की एचआईवी/आरकेएसके काउंसलिंग तथा 38 मरीजों की विभिन्न प्रयोगशाला जांच की गई।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर मंडल अध्यक्ष विमल नेगी, जनप्रतिनिधि, विशेषज्ञ चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *