उत्तराखंड

सीएसआईआर-सीबीआरआई में आयोजित हुआ ‘एनएबीएल गुणवत्ता यात्रा कार्यक्रम’

प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता संस्कृति को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर दिया गया जोर

रुड़की। प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता संस्कृति को सुदृढ़ बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीएसआईआर–केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीबीआरआई), रुड़की और राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को ‘एनएबीएल गुणवत्ता यात्रा कार्यक्रम’ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वैज्ञानिक डॉ. डी.पी. कानुनगो ने कहा कि प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण परीक्षण एवं अंशांकन प्रणाली न केवल प्रयोगशालाओं की विश्वसनीयता बढ़ाती है, बल्कि वैश्विक स्तर पर उनकी स्वीकार्यता भी सुनिश्चित करती है।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख (ओडीएस) डॉ. नीरज जैन ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में अनुसंधान एवं परीक्षण संस्थानों के लिए गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इन मूल्यों पर आधारित कार्यप्रणाली ही संस्थानों की उत्कृष्टता को सुदृढ़ करती है और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी विश्वसनीय पहचान स्थापित करती है।

कार्यक्रम के समन्वयक एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एन.के. बंजारा ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

तकनीकी सत्रों में एनएबीएल के संयुक्त निदेशक डॉ. भूमि एस. राज्यगुरु एवं विशेषज्ञ शिवांशु धर दुबे ने ISO/IEC 17025:2017 मानक, परीक्षण एवं अंशांकन प्रक्रियाओं, प्रत्यायन प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजीकरण, प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली तथा एनएबीएल वेबसाइट के प्रभावी उपयोग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान वैज्ञानिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के वैज्ञानिकों एवं तकनीकी अधिकारियों ने प्रयोगशालाओं में उच्च गुणवत्ता मानकों को अपनाने तथा कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम सीएसआईआर-सीबीआरआई की गुणवत्ता, उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

कार्यक्रम में डॉ. डी.पी. कानुनगो, डॉ. नीरज जैन, डॉ. शौरभ जैन, डॉ. एन.के. बंजारा, डॉ. सी.एस. मीणा सहित संस्थान के अनेक वैज्ञानिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *