सीएसआईआर-सीबीआरआई में आयोजित हुआ ‘एनएबीएल गुणवत्ता यात्रा कार्यक्रम’, गुणवत्ता संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाने और प्रयोगशालाओं की विश्वसनीयता बढ़ाने पर दिया गया जोर
रुड़की। प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता संस्कृति को सशक्त बनाने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीएसआईआर–केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीबीआरआई), रुड़की एवं राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को ‘एनएबीएल गुणवत्ता यात्रा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सीएसआईआर-सीबीआरआई के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. डी. पी. कानुनगो ने प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण परीक्षण एवं अंशांकन प्रणाली प्रयोगशालाओं की विश्वसनीयता और वैश्विक स्वीकार्यता को मजबूत बनाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख (ओडीएस) डॉ. नीरज जैन ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में अनुसंधान एवं परीक्षण संस्थानों के लिए गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इन मूल्यों पर आधारित कार्यप्रणाली ही संस्थानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट पहचान दिलाती है।
कार्यक्रम के समन्वयक एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एन. के. बंजारा ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। तकनीकी सत्रों में एनएबीएल की संयुक्त निदेशक डॉ. भूमि एस. राज्यगुरु तथा शिवांशु धर दुबे ने ISO/IEC 17025:2017 मानक, परीक्षण एवं अंशांकन प्रक्रियाओं, प्रत्यायन प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजीकरण, प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली तथा एनएबीएल वेबसाइट के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में वैज्ञानिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विशेषज्ञों से विभिन्न तकनीकी विषयों पर चर्चा की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस दौरान संस्थान के वैज्ञानिकों और तकनीकी अधिकारियों ने प्रयोगशालाओं में उच्च गुणवत्ता मानकों को अपनाने तथा कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में सीएसआईआर-सीबीआरआई की ओर से डॉ. शौरभ जैन, डॉ. सी. एस. मीणा सहित अनेक वैज्ञानिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजकों ने इसे संस्थान की गुणवत्ता, उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
