जनता मिलन में 34 शिकायतों पर सुनवाई, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
सीडीओ अशोक जोशी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश
पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विभिन्न विभागों से संबंधित 34 जनशिकायतों की सुनवाई की। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनता मिलन में भिताई मल्ली निवासी रणवीर सिंह ने 22 जुलाई की अतिवृष्टि से उनके मकान के आगे बने पुश्ते के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी को वीबीजीवाई योजना के तहत पुश्ते के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, न्यू विकास कॉलोनी निवासी एजाज अंसारी ने आसपास के घरों का ड्रेनेज का पानी उनके मकान में घुसने की शिकायत की। इस पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड पौड़ी के थली गांव की शकुंतला देवी ने वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की समस्या रखी, जिस पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अन्य शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन के अतिरिक्त सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की समीक्षा की गई। ग्राम सिंदूड़ी बड़ी की सुनीता देवी की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुश्ते के पुनर्निर्माण के लिए आगणन तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। ग्राम बैंगवाड़ी निवासी मनमोहन सिंह रावत की आपदा मुआवजा संबंधी शिकायत पर राजस्व विभाग ने पुनः जांच कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एमआईसी रोड निवासी राजेन्द्र सिंह रावत की पशु चारे की समस्या पर पशुपालन विभाग ने बताया कि सीएफबी भूसे की मांग संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है और उपलब्ध होते ही प्राथमिकता के आधार पर चारा उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
