आंगनबाड़ी केंद्र सपलोड़ी में बच्चों की स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता व संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक
पौड़ी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत विकासखंड पाबौ के आंगनबाड़ी केंद्र सपलोड़ी में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य टीम ने सात बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका वजन एवं लंबाई मापी तथा समग्र स्वास्थ्य का आकलन किया। चिकित्सकों ने अभिभावकों को बरसात के मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य की विशेष देखभाल करने की सलाह देते हुए स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन, संतुलित आहार तथा साफ पेयजल के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने डायरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला, आरबीएसके के चिकित्सक डॉ. संजय उनियाल, एएनएम सुनीता बहुगुणा, फार्मासिस्ट रेखा रावत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम, सहायिका तथा बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।
