ढालवाला-मुनिकीरेती में अमर शहीद श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि, वृक्षारोपण व संगोष्ठी आयोजित
ऋषिकेश/ढालवाला। अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) के अवसर पर गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति, ढालवाला-मुनिकीरेती के तत्वावधान में राजीव ग्राम स्थित उच्च प्राथमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा, संगोष्ठी और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि टिहरी जनक्रांति के महानायक श्रीदेव सुमन ने टिहरी रियासत की दमनकारी राजशाही के खिलाफ 84 दिनों की ऐतिहासिक भूख हड़ताल कर अपने प्राण न्यौछावर किए। उनका संघर्ष और बलिदान आज भी राष्ट्रसेवा, लोकतंत्र और न्याय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वक्ताओं ने प्रजामंडल की स्थापना, ‘सुमन सौरभ’ पत्रिका के माध्यम से जनजागरण तथा महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह आंदोलन में उनके योगदान को भी स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। समिति के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय आसाराम व्यास की पुण्य स्मृति में भी एक पौधा समर्पित किया गया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष गजेंद्र कंडियाल, सचिव विशालमणि पैन्यूली, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह भंडारी, महिपाल बिष्ट, घनश्याम नौटियाल, आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल, पर्यावरण वीर कर्ण सिंह बड़थ्वाल, शिक्षाविद एवं साहित्यकार भगतराम बिजलवान तथा डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रौतेला, नेगी जी, भट्ट जी सहित समिति के अन्य सदस्य, शिक्षक एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
