लखपति दीदी योजना से पौड़ी की 33,700 से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर, बदल रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर
लखपति दीदी योजना से पौड़ी की 33,700 से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर, बदल रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर
पौड़ी गढ़वाल। सीमित रोजगार के अवसरों वाले पहाड़ी क्षेत्रों में अब महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित लखपति दीदी योजना ने जनपद पौड़ी गढ़वाल की हजारों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें सम्मान और नई पहचान भी दिलाई है। जनपद में अब तक 33,700 से अधिक महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने में सफल हुई हैं।

स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आज बेकरी, कैफे, डेयरी, किराना, बकरी पालन, कुक्कुट पालन, कृषि तथा बैंक सखी जैसी विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर सफल उद्यमी बन रही हैं। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिली है।
दुग्ध व्यवसाय से जुड़ी आरती रावत की सफलता इस योजना की प्रेरणादायक कहानी है। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से ‘लखपति दीदी’ के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। आरती का कहना है कि यह योजना महिलाओं को रोजगार के साथ आत्मविश्वास भी प्रदान करती है।
मुख्यालय स्थित बेकरी में कार्यरत उमा देवी और कुसुम देवी बताती हैं कि पहाड़ में रोजगार के सीमित अवसरों के बीच इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। आज वे नियमित आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
वहीं सरकारी सहायता से संचालित कैफे में कार्यरत शालिनी पंवार और अंजू थपलियाल का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे परिवार की आय का मजबूत आधार बनेंगी। योजना से जुड़े रोजगार ने उन्हें सम्मानजनक जीवन और बेहतर भविष्य का विश्वास दिया है।
इसी क्रम में रामेश्वरी देवी ने योजना की सहायता से अपने छोटे किराना व्यवसाय का विस्तार किया। बढ़ी हुई आय के साथ उन्होंने अन्य व्यवसाय भी शुरू किए हैं। उनका कहना है कि लखपति दीदी योजना ने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी।
परियोजना निदेशक, डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि जनपद की महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र महिला तक योजना का लाभ पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जनपद में 33 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होकर व्यक्तिगत एवं सामूहिक उद्यमों के माध्यम से बेहतर आय अर्जित कर रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को इस अभियान से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
जनपद पौड़ी गढ़वाल में लखपति दीदी योजना अब केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि हजारों महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला अभियान बन चुकी है। यह पहल साबित कर रही है कि अवसर, प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प मिलने पर पहाड़ की महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल स्थापित कर सकती हैं।
