उत्तराखंड

देवभूमि मां गंगे स्वयं सेवी चैरिटेबल ट्रस्ट ने मनाया चमोली योगशाला का वार्षिक समारोह

देहरादून। देवभूमि मां गंगे स्वयं सेवी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में संचालित चमोली योगशाला, ठाकुरपुर (प्रेमनगर) के तीन वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखाड़ा परिषद से जुड़े हठयोगी गुरु गोविंद दास महाराज ने प्रतिभाग किया। उन्होंने योग प्रशिक्षकों एवं साधकों को योग की बारीकियों से अवगत कराते हुए नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की संस्थापक अध्यक्षा एवं तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित रीना उनियाल ने की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की नींव होती है, इसलिए प्रत्येक महिला को नियमित रूप से योग अपनाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि ठाकुरपुर स्थित चमोली योगशाला पिछले तीन वर्षों से निरंतर संचालित हो रही है। यहां संस्था के प्रशिक्षक अमन चमोली महिलाओं को योगासन एवं स्वस्थ जीवनशैली का प्रशिक्षण देकर उन्हें जागरूक कर रहे हैं।

संस्था के कोषाध्यक्ष योगेश उनियाल ने कहा कि भारत को विश्व योग गुरु का दर्जा उसकी समृद्ध योग परंपरा के कारण मिला है। ग्रामीण महिलाएं नियमित योगाभ्यास कर स्वयं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ अपने परिवारों को भी योग के प्रति प्रेरित कर रही हैं।

कार्यक्रम का संचालन ममता ने किया। इस अवसर पर संस्था द्वारा समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया तथा योग प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य अर्चना, संस्था की सचिव अमिता उनियाल, पूनम उनियाल, ममता नेगी, अमन चमोली, राजेश चमोली, हेमा चमोली सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *