जनपद में तीन मोटर मार्ग बंद, यमकेश्वर के बघाला गांव में ट्रांसफार्मर जलने से बिजली आपूर्ति बाधित
पौड़ी गढ़वाल। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दैनिक आपदा स्थिति रिपोर्ट के अनुसार शनिवार सुबह तक जनपद में तीन मोटर मार्ग बंद हैं। संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को यातायात के लिए शीघ्र खोलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार बंद मार्गों में देहलचौरी–मांजकोट मोटर मार्ग (वीआर), ढौंटियाल–चपड़ेथ–बसड़ा मोटर मार्ग (एमडीआर) तथा चोलोसैंण–पोखरी–धुमकोट मोटर मार्ग (वीआर) शामिल हैं। विभाग ने पूर्वाह्न तक इन मार्गों को सुचारु करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विद्युत व्यवस्था की बात करें तो पौड़ी, श्रीनगर और नैनीडांडा विद्युत मंडलों में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। जबकि कोटद्वार विद्युत मंडल के अंतर्गत विकासखंड यमकेश्वर के ग्राम बघाला में ट्रांसफार्मर जलने से विद्युत आपूर्ति बाधित है। विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर बदलने और आपूर्ति जल्द बहाल करने की कार्रवाई जारी है।
जल संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।
वर्षा की स्थिति पर नजर डालें तो जनपद में औसतन 0.60 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लैंसडाउन तहसील में सर्वाधिक 4.00 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि चौबट्टाखाल और चाकीसैंण में 1.00-1.00 मिमी वर्षा हुई। अन्य तहसीलों में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
नदी जलस्तर भी फिलहाल सामान्य बना हुआ है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर 533.20 मीटर, ऋषिकेश त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर 338.52 मीटर, कोटद्वार में मलन नदी 490.50 मीटर, खोह नदी 441.00 मीटर तथा सुखरौ नदी 396.00 मीटर दर्ज किया गया, जो सभी चेतावनी स्तर से नीचे हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बंद मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोला जाए तथा यमकेश्वर के बघाला गांव में विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।
