पौड़ी

यमकेश्वर उदय मेला में ग्राम प्रधान सोनिया चौहान ने उठाए क्षेत्रीय समस्याओं के मुद्दे, विकास कार्यों पर दिया जोर

यमकेश्वर/पौड़ी। ग्राम पंचायत नांद की ग्राम प्रधान श्रीमती सोनिया चौहान ने यमकेश्वर विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट द्वारा आयोजित यमकेश्वर उदय मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विधायक द्वारा दी जा रही विभिन्न सौगातों और जनकल्याणकारी पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

सोनिया चौहान ने कहा कि मेले में जाते समय उन्होंने कई लोगों से पूछा कि वे कहाँ जा रहे हैं। अधिकांश लोगों का कहना था कि मेले में सामान वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने विधायक से अपने गांवों की समस्याओं, जैसे सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग करने के बजाय केवल वितरण कार्यक्रम में रुचि दिखाई।

उन्होंने कहा कि वाटर कूलर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है, लेकिन यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि उनमें नियमित रूप से पानी की व्यवस्था कैसे होगी। उनका कहना था कि केवल सामग्री वितरण विकास का विकल्प नहीं हो सकता, बल्कि स्थायी विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

ग्राम प्रधान ने विश्वास जताया कि यदि जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं से अवगत कराया जाए तो वे विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उनका समाधान कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विधायक द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और दी गई सौगातों का स्वागत करते हुए लंबित जनहित के मुद्दों पर भी ध्यान देने का आग्रह किया।

सोनिया चौहान ने कहा कि प्रत्येक ग्राम प्रधान का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं और जनता की आवश्यकताओं को विधायक, जनप्रतिनिधियों तथा शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखे, ताकि उनका समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि केवल प्रशंसा करने से विकास पूर्ण नहीं होता, बल्कि समस्याओं को सामने रखकर उनके निराकरण के लिए निरंतर प्रयास करना ही सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि यमकेश्वर क्षेत्र के अन्य ग्राम प्रधान भी इस सकारात्मक पहल से प्रेरणा लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की जनता की आवाज़ को मजबूती से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *