यमकेश्वर में यूकेडी का जनसंपर्क अभियान जारी, 22 जुलाई को जाखणीखाल तहसील में धरना
यमकेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के संरक्षक एवं राज्य आंदोलनकारी डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को ग्वील, बड़ेथ और बन्नी गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें यूकेडी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों से अवगत कराया।

डॉ. कपरवाण ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अनेक समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इन जनसमस्याओं को सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए 22 जुलाई को सुबह 10 बजे से जाखणीखाल तहसील कार्यालय, देवीखाल में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि धरने के बाद उपजिलाधिकारी/तहसीलदार के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।

डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि “जनता की सक्रिय भागीदारी से ही सरकार की नींद खुलेगी और जनहित के मुद्दों पर ठोस कार्रवाई संभव होगी।”
