पौड़ी

पौड़ी में 16 जनसेवा शिविरों से 7,025 लोगों को मिला लाभ, 2,924 शिकायतों का मौके पर समाधान

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर चलाए गए ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में आयोजित 16 बहुउद्देशीय जनसेवा शिविरों में 7,025 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। अभियान के दौरान 3,049 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2,924 मामलों का शिविर स्थल पर ही निस्तारण कर लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई।

4 जुलाई से 19 जुलाई तक चले इस अभियान की शुरुआत पौड़ी प्रेक्षागृह से हुई, जहां 951 लोगों ने भाग लिया और प्राप्त सभी 122 आवेदनों का मौके पर समाधान किया गया। इसके बाद विकासखंड पौड़ी, दुगड्डा, थलीसैंण और पोखड़ा सहित अन्य विकासखंडों में भी अधिकांश शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया। कोट, यमकेश्वर, जयहरीखाल, खिर्सू, कल्जीखाल, पाबौ, बीरोंखाल, रिखणीखाल, नैनीडांडा, एकेश्वर और द्वारीखाल में भी बड़ी संख्या में लोगों को शिविरों का लाभ मिला।

शिविरों में शिकायतों के समाधान के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण कर उन्हें मौके पर ही लाभान्वित किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर आवश्यक आवेदन भी भरवाए, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं राज्यमंत्रियों ने भी शिविरों में पहुंचकर आमजन से संवाद किया और अधिकारियों को सभी शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जनसेवा शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का भी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा गांव-गांव जाकर पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *