पौड़ी

जनता मिलन में डीएम ने सुनीं जनशिकायतें, अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित एक दर्जन से अधिक जनशिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जनता मिलन में बीरोंखाल क्षेत्र की ग्राम प्रधान सविता देवी ने भूमि रजिस्ट्री के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की मांग रखी, जिस पर एडीएम को शिविर की तिथि तय करने के निर्देश दिए गए। वहीं, महिला मंगल दल के लिए टीन शेड निर्माण की मांग पर डीपीआरओ को जांच के निर्देश दिए गए।

बैंगवाड़ी निवासी मनमोहन सिंह द्वारा वर्ष 2025 में गदेरे से हुए नुकसान की शिकायत पर संयुक्त मजिस्ट्रेट को तत्काल स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। पौड़ी-कोटद्वार मार्ग पर ईटीसी गदेरे से सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर एनएच अधिकारियों को स्थायी समाधान के लिए निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

नीलकंठ यात्रा मार्ग पर लगेंगी 40 सोलर स्ट्रीट लाइट

जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी यमकेश्वर और उरेडा विभाग ने नीलकंठ श्रावण मेला-2026 को देखते हुए नीलकंठ पैदल यात्रा मार्ग पर 40 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जिससे कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

पेयजल शिकायतों का भी हुआ त्वरित समाधान

ग्राम खड़ेत मल्ला निवासी शांति देवी की पेयजल कनेक्शन संबंधी शिकायत पर जल संस्थान ने तत्काल निरीक्षण कर चोक पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल कर दी। वहीं, ग्राम केवर्स में ‘हर घर नल-हर घर जल’ योजना के तहत पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत का भी मौके पर समाधान कर सभी परिवारों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की गई।

जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *