पौड़ी

नीति तारा’ डिजिटल टूलकिट से होगी विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग

पौड़ी। जनपद में विकास योजनाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में नीति आयोग द्वारा विकसित ‘नीति तारा’ डिजिटल टूलकिट पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने की।

प्रशिक्षण में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं विभिन्न विकासखंडों के अधिकारियों को टूलकिट के संचालन, डेटा प्रबंधन तथा विकास योजनाओं की ऑनलाइन निगरानी की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘नीति तारा’ विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग का प्रभावी माध्यम है और सभी विभाग इसका नियमित एवं गंभीरता से उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का समयबद्ध और बेहतर क्रियान्वयन हो सके।

उन्होंने बताया कि अब जनपद में शुरू होने वाली प्रत्येक नई विकास योजना का विवरण संबंधित विभाग ‘नीति तारा’ प्लेटफॉर्म पर अपलोड करेंगे। इससे योजनाओं की जानकारी तत्काल शासन स्तर तक पहुंचेगी और उनकी प्रगति की ऑनलाइन निगरानी संभव होगी। एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सभी महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध होने से समीक्षा, निर्णय प्रक्रिया और विभागीय समन्वय भी अधिक प्रभावी होगा।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षक मिलंद चौहान ने टूलकिट की कार्यप्रणाली, विभिन्न मॉड्यूल और विकास संकेतकों की निगरानी में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत डेटा आधारित योजना निर्माण और विभागीय समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

मास्टर प्रशिक्षक सौरभ वर्मा ने कहा कि ‘नीति तारा’ केवल डेटा संग्रह का माध्यम नहीं, बल्कि पारदर्शी, सटीक और परिणामोन्मुख निर्णय प्रक्रिया का सशक्त डिजिटल मंच है। उन्होंने सभी विभागों से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा अपलोड करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, लीड बैंक अधिकारी किशन रावत, खंड विकास अधिकारी बी.डी. रतूड़ी, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *