पौड़ी

पाबौ जनसेवा शिविर में 287 आवेदन पहुंचे, 272 का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड पाबौ सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

खंड विकास अधिकारी एवं शिविर के नोडल अधिकारी हरेंद्र कोली ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय सेवाएं घर के निकट उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

शिविर में कुल 287 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कृषि एवं उद्यान विभाग ने 17 किसानों को पौधे, उर्वरक और कृषि सामग्री वितरित की। ग्रामोत्थान एवं एनआरएलएम के माध्यम से 10 लाभार्थियों को उत्पादन एवं विपणन सहायता दी गई। बाल विकास विभाग ने 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई।

स्वास्थ्य विभाग ने 167 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित कीं, जबकि आयुष विभाग ने 81 लोगों को स्वास्थ्य परामर्श और औषधियां उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 4 पात्र व्यक्तियों को पेंशन योजनाओं से संबंधित सेवाएं दीं तथा राजस्व विभाग ने 3 लोगों को प्रमाण-पत्र संबंधी सेवाओं का लाभ पहुंचाया। विभिन्न विभागों ने अन्य शिकायतों का भी मौके पर समाधान किया।

इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख शिवानी देवी, जिला पंचायत सदस्य भरत रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य संदीप रावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्षा राजेंद्र प्रसाद टम्टा, जिला परियोजना अधिकारी संजीव काला, एडीओ समाज कल्याण प्रिया उपाध्याय, सीडीपीओ चंद्रकांता काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *