पौड़ी

जनता मिलन में डीएम की सख्ती का असर: 24 माह का बकाया मानदेय मिला, पेयजल समस्याओं का हुआ समाधान

पौड़ी। जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी एक दर्जन से अधिक शिकायतों की सुनवाई की। अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जनता मिलन के दौरान श्रीनगर के स्वीत गांव निवासी दिनेश सिंह रावत ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित भूमि के ब्याज भुगतान का मामला उठाया। इस पर डीएम ने अपर जिलाधिकारी को आवश्यक अभिलेख लेकर नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।

तहसील पौड़ी के केवर्स गांव के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की, जिस पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को तत्काल मौके पर जाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं कलियासौड़ निवासी मदनलाल की पेयजल शिकायत पर भी अवर अभियंता को उसी दिन मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन कार्यक्रम का सकारात्मक असर पहले से लंबित मामलों पर भी देखने को मिला। विकासखंड पोखड़ा के ग्राम ऐरोली मल्ली निवासी मनोहर प्रसाद पंत को चौबट्टाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के तहत 24 माह से लंबित 30 हजार रुपये का मानदेय दिलाया गया। थलीसैंण के ग्राम रण्डोला निवासी बालम सिंह के नगर पंचायत से संबंधित बिल भुगतान का भी तत्काल निस्तारण कराया गया।

इसके अलावा ग्राम बैरागणा ढाडरी निवासी विजयलाल की पेयजल शिकायत पर जल संस्थान की टीम ने जांच की। मुख्य पाइपलाइन सही मिलने पर शिकायतकर्ता के घर की पाइपलाइन चोक पाई गई, जिसे ठीक कर जलापूर्ति बहाल कर दी गई।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एडीएम एफ.आर. चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *