पौड़ी

जिला चिकित्सालय पौड़ी में खुला रेडक्रॉस जेनेरिक मेडिकल स्टोर, अब सस्ती दवाइयां होंगी आसानी से उपलब्ध

पौड़ी। जिला चिकित्सालय पौड़ी में मरीजों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सोमवार को रेडक्रॉस जेनेरिक मेडिकल स्टोर का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा की अध्यक्ष स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में शुरू की गई इस सुविधा का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल परिसर में ही जेनेरिक मेडिकल स्टोर खुलने से मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यक दवाइयां कम कीमत पर आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे बाहर से महंगी दवाइयां खरीदने की आवश्यकता कम होगी और उपचार का आर्थिक बोझ भी घटेगा।

उन्होंने बताया कि जेनेरिक दवाइयां निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होती हैं तथा ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने आमजन से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर सीएमएस डॉ. एल.डी. सेमवाल, एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन गणेश खुगशाल गणी, जिला सचिव केसर सिंह असवाल, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मदन मोहन नौडियाल, दलवीर सिंह बिष्ट, दीपक खनसूली, फार्मासिस्ट सौरभ पटवाल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अन्य अधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *