पौड़ी

प्रेमनगर आंगनबाड़ी केंद्र में मातृ वंदना योजना पर प्रशिक्षण, नई लाभार्थियों का हुआ पंजीकरण

पौड़ी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के विशेष अभियान के तहत गुरुवार को प्रेमनगर, पौड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, लाभार्थियों के समयबद्ध पंजीकरण तथा पोर्टल संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक विकास बहुगुणा ने लाभार्थी पंजीकरण, एनपीसीआई मैपिंग, फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस), भुगतान प्रक्रिया और तकनीकी समस्याओं के समाधान की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान एक लाभार्थी की एनपीसीआई मैपिंग सफलतापूर्वक की गई तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पीएमएमवीवाई पोर्टल के पासवर्ड भी अपडेट किए गए।

अभियान के तहत प्रथम प्रसव की तीन नई लाभार्थी महिलाओं का पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन भरे गए। वहीं प्रथम प्रसव की द्वितीय किश्त के लंबित आवेदनों को अपडेट किया गया तथा द्वितीय प्रसव की दो पात्र महिलाओं के आवेदन भी ऑनलाइन दर्ज किए गए।

प्रशिक्षण के दौरान जेंडर विशेषज्ञ बीना रावत ने उपस्थित महिलाओं को नंदा गौरा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना की जानकारी दी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की सभी पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र महिला सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *