ऑरेंज अलर्ट: पौड़ी गढ़वाल में 10 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
पौड़ी गढ़वाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद में 10 जुलाई के लिए भारी वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार शुक्रवार, 10 जुलाई को जनपद के सभी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित भारी बारिश, आकाशीय बिजली तथा नदी-नालों और गदेरों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और गदेरों के समीप न जाएं तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
