पौड़ी

पौड़ी में भारी बारिश का असर, 34 सड़कें अब भी बंद, कई मार्गों पर यातायात ठप

पौड़ी। लगातार हो रही बारिश के कारण जनपद पौड़ी गढ़वाल में सड़कें बंद होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह 10:45 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 34 सड़कें बंद हैं, जिनमें राज्य राजमार्ग, प्रमुख जिला मार्ग, मोटर मार्ग तथा पीएमजीएसवाई सड़कें शामिल हैं।

बंद सड़कों में सतपुली–दूधारखाल–धारकोट–सिलसाड़ी मोटर मार्ग, नालीखाल–नौखाल–पोखरीखेत मार्ग, पौड़ी–देवप्रयाग राज्य मार्ग, पोखर–खुरखट्टा मोटर मार्ग, पौंटा साहिब–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से सहित कई अन्य ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है।

लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की टीमें जेसीबी एवं मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर मार्ग खोलने में जुटी हैं। विभाग ने मौसम को देखते हुए यात्रियों से आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

प्रशासन का कहना है कि मौसम अनुकूल होते ही सभी बंद मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की भी अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *