उत्तराखंड

नारी पुनर्वास केंद्र में महिलाओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: कुसुम कंडवाल

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बुधवार को कोटद्वार स्थित नारी पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में रह रही महिलाओं एवं युवतियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान आयोग अध्यक्ष ने सुरक्षा, आवास, खान-पान, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुनर्वास केंद्र महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र से जुड़ी एक मेधावी युवती वर्तमान में बी.टेक की पढ़ाई कर रही है, जो केंद्र की सकारात्मक पहल का उदाहरण है।

महिलाओं और युवतियों ने विद्यालय एवं कॉलेज आने-जाने के लिए नियमित वाहन सुविधा उपलब्ध कराने तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण और अस्पताल तक सुगम आवागमन की व्यवस्था की मांग रखी।

इस पर कुसुम कंडवाल ने आईसीडीएस निदेशक बी.एल. राणा से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र में रह रही महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी विजयलक्ष्मी, सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *