बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा प्रकरण की होगी उच्चस्तरीय जांच, 15 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए शासन ने तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

समिति की अध्यक्षता गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप करेंगे। समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।
मंडलायुक्त ने बताया कि समिति जल्द ही बदरीनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता, संबंधित पक्षों और अन्य आवश्यक व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जाएंगे तथा सभी तथ्यों का परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।
समिति को आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों, विशेषज्ञों और अन्य व्यक्तियों से परामर्श लेने के साथ-साथ शासन को आवश्यक सुधारात्मक सुझाव देने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
