पौड़ी का हेरिटेज भवन बनेगा आधुनिक आकर्षण, प्रभारी सचिव ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा
पौड़ी। जनपद के प्रभारी सचिव दिलीप जावलकर ने सोमवार को निर्माणाधीन हेरिटेज भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए तथा भवन की डिजाइन और शेष कार्यों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि हेरिटेज भवन को स्थानीय विरासत के अनुरूप आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जाए, ताकि यह सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रमुख केंद्र बन सके। उन्होंने आगंतुकों की सुविधा के लिए भवन परिसर और आसपास पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रीना नेगी ने बताया कि भवन के इंटीरियर कार्य का एस्टीमेट तैयार कर पर्यटन विभाग को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही आंतरिक साज-सज्जा और अन्य संबंधित कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
