पौड़ी

सहकारिता से सशक्त होंगे किसान, युवा और महिलाएं: डॉ. धन सिंह रावत

पौड़ी। सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में सोमवार को पौड़ी जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा सहकारिता विभाग के मोबाइल एटीएम वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा मिली है। सरकार का लक्ष्य गांव-गांव तक सहकारिता आंदोलन पहुंचाकर किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को सहकारिता से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, विपणन सुविधाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 1,500 किसानों को ब्याज मुक्त ऋण का लाभ मिल चुका है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों को अध्ययन भ्रमण के लिए देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जाएगा।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार जैविक खेती को बढ़ावा दे रही है और वीर माधो सिंह भंडारी योजना के तहत किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार मंडुवा 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद रही है, जिससे पर्वतीय किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सहकारी समिति में पौधरोपण किया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश की 114 सहकारी समितियां विभिन्न डिजिटल और जनहितकारी सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

सहकारिता सप्ताह के दौरान सहकारी चौपाल, जागरूकता शिविर, ऋण वितरण, कार्यशालाएं, वृक्षारोपण और सोशल मीडिया आउटरीच जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गणेश कोली, पूर्व सहकारिता अध्यक्ष मातबर सिंह नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *