पौड़ी

2.37 करोड़ की लागत से बना तेली स्रोत नदी पर डबल लेन पुल जनता को समर्पित

कोटद्वार। कोटद्वार–किशनपुरी–चिल्लरखाल मार्ग पर तेली स्रोत नदी के ऊपर 2.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 मीटर स्पान डबल लेन पुल का रविवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने लोकार्पण किया। पुल के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि यह पुल क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता थी। इससे प्रतिदिन लगभग पांच से दस हजार लोगों को लाभ मिलेगा तथा किशनपुर, त्रिलोकपुर, लोकमणिपुर, रामदयालपुर, हल्दूखाता, मनदेवपुर, दलीपपुर सहित आसपास के गांवों की आवाजाही आसान होगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बरसात के दौरान तेली स्रोत नदी में जलस्तर बढ़ने से होने वाली परेशानियों से अब लोगों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह पुल क्षेत्र के विकास, बेहतर संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर विमला प्रसाद शुक्ला, आशीष रावत, शशि बाला केस्टवाल, सुमन कोटनाला, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, भैरव दत्त सती, जे.पी. बहुखंडी, अमित नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *