पौड़ी

बणासी गांव में महिला पर जानलेवा हमले के बाद वन विभाग अलर्ट, ड्रोन और ट्रैप कैमरों से गुलदार की तलाश

पौड़ी। जनपद के बणासी गांव में 66 वर्षीय महिला की गुलदार के हमले में मौत के बाद वन विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

डीएफओ महातिम यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और नियमानुसार शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्राधिकारी सुभाष घिल्डियाल के नेतृत्व में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में 10 ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और उसे पकड़ने के लिए 4 पिंजरे स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही ड्रोन से हवाई निगरानी, ट्रैंकुलाइजिंग (बेहोश करने वाली) विशेषज्ञ टीम, विभागीय शूटर और निगरानी दल को भी तैनात किया गया है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं, समूह में आवागमन करें और गुलदार दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *