गीता आश्रम में तीन दिवसीय निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर संपन्न, 1270 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ
कोटद्वार। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में गीता आश्रम में 23 से 25 जून 2026 तक तीन दिवसीय निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान मर्म चिकित्सा, अग्निकर्म, विध्द कर्म, पंचकर्म, योग एवं जीवनशैली परामर्श जैसी आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही रोगियों को निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। शिविर में ईसीजी, ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच भी की गईं।
चिकित्सा शिविर में डॉ. मोनिका यादव, डॉ. प्रियंका गोसाईं, डॉ. तृप्ति नेगी, मुख्य फार्मासिस्ट अधिकारी भूपेंद्र सिंह, फार्मासिस्ट अधिकारी नरेंद्र राणा तथा योग अनुदेशक सुभाष जुगलान ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के संचालन में सचिन सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों के अनुसार तीन दिनों में 1270 से अधिक रोगियों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। मरीजों को निशुल्क दवा वितरण के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर गीता आश्रम के कार्यकर्ता भानु मित्र शर्मा, त्रिभुवन उपाध्याय, प्रेम प्रसाद, राजपाल, तिरुपति सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिवेंद्र नेगी, महामंत्री मोहन नागर, विकास भंडारी और सभासद जितेंद्र धाकड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
