शंकरपुर चौपाल में डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, पेयजल और सड़क व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
नैनीडांडा/पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शंकरपुर क्षेत्र का भ्रमण कर विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज शंकरपुर में आयोजित चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

चौपाल में ग्रामीणों ने नैनीडांडा मिनी स्टेडियम के अधूरे निर्माण, मोबाइल नेटवर्क की समस्या, पेयजल योजनाओं में अनियमितताओं तथा वन्यजीवों के बढ़ते खतरे के मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने अधूरे कार्यों के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने तथा नेटवर्क समस्या के समाधान हेतु विभागीय बैठक आयोजित करने की बात कही।
पेयजल से जुड़ी शिकायतों पर डीएम ने जल निगम और जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शंकरपुर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर उन्होंने स्वयं मौके का निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।
सड़क मार्गों पर मलबा जमा होने की शिकायतों पर लोक निर्माण विभाग को जेसीबी लगाकर मार्गों को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। वहीं मनरेगा जॉब कार्ड काटे जाने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना किसी का जॉब कार्ड नहीं काटा जा सकता।
चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड धुमाकोट कार्यालय का निरीक्षण कर धुमाकोट-रामनगर मोटर मार्ग सहित विभिन्न सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बरसात के दौरान सभी मार्गों को सुरक्षित एवं चालू रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने अदालीखाल पंपिंग योजना का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों को जल गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, डीडीओ मनविंदर कौर, एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला, बीडीओ प्रमोद चंद्र पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद
