दूरस्थ गांवों तक पहुंचीं डीएम, चौपाल में सुनीं जनता की समस्याएं
धुमाकोट अस्पताल का निरीक्षण, संगलिया में जनसंवाद; स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार संबंधी मामलों पर दिए निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान धुमाकोट, संगलिया और आसपास के गांवों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्थाओं, आजीविका गतिविधियों और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजित चौपालों में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

धुमाकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी सेवाओं, प्रसव कक्ष, औषधि भंडारण तथा अभिलेखों की समीक्षा की। व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। औषधि प्रबंधन पोर्टल के संचालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित फार्मासिस्ट के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए।
धुमाकोट बाजार में व्यापारियों से संवाद के दौरान कूड़ा निस्तारण, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। जिलाधिकारी ने कूड़ा पृथक्करण व्यवस्था विकसित करने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद संगलिया में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, शिक्षा, कृषि, रोजगार, खेल सुविधाओं और वन्यजीवों से सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। जिलाधिकारी ने जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, तकनीकी टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
चौपाल में सफल कीवी उत्पादक कुलदीप सिंह रावत को सम्मानित करते हुए जिलाधिकारी ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने खेल मैदान के लिए भूमि चिन्हित करने, किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों के लिए विशेष शिविर लगाने तथा ग्रामसभा भवन को पुस्तकालय के रूप में विकसित करने का आश्वासन दिया।
महिलाओं द्वारा पीरूल संग्रहण भुगतान और आजीविका गतिविधियों से जुड़े मुद्दे उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला समूहों, किसानों और युवाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने संगलिया बिचला में नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ भी किया तथा महिलाओं और बच्चों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का समाधान करना है और चौपालों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी, ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी, ग्राम प्रधान नरेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
