मोहर्रम और फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की मंडलायुक्त ने की समीक्षा
पौड़ी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बुधवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से मोहर्रम पर्व की तैयारियों एवं फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में मंडल के सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

आयुक्त ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ताजिया कमेटियों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि देहरादून और हरिद्वार जनपदों में विभिन्न स्थानों पर मोहर्रम जुलूस प्रस्तावित हैं, जबकि टिहरी गढ़वाल में एक स्थान पर जुलूस निकाला जाएगा।
आयुक्त ने अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न होना चाहिए।
फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को होटल, अस्पताल, मॉल, कोचिंग संस्थानों, कार्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच तथा सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समन्वय से संभावित अग्निकांड एवं अन्य आपदा स्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए। आयुक्त ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
