पौड़ी

मुस्याखांद चौपाल में पहुंचीं डीएम स्वाति भदौरिया, जनसमस्याओं के समाधान के लिए दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। जिले के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम क्षेत्र मुस्याखांद में आयोजित जन चौपाल में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। डीएम के क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।

राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुस्याखांद में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, खेल मैदान और वन्यजीवों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। स्टेडियम निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने बीडीओ और युवा कल्याण अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण के तहत धुमाकोट-पीपली मोटर मार्ग को जिला योजना में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने तथा खाल्यूंडांडा-ढंगलगांव मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग को तत्काल पिंजरा लगाने और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।

पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए ढंगलगांव में निर्माणाधीन पेयजल टैंक को 10 जुलाई तक पूरा करने तथा विभिन्न पंपिंग योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने मुस्याखांद एएनएम केंद्र का निरीक्षण कर नियमित संचालन और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

परिवहन सुविधा को बेहतर बनाने के लिए देहरादून बस सेवा के समय में सुधार और मुस्याखांद तक बस सेवा विस्तार की संभावनाओं पर कार्यवाही करने को कहा गया। वहीं गैस एजेंसी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्र में उप कार्यालय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

चौपाल में पटवारी चौकी, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन निर्माण से जुड़े प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। एंबुलेंस सुविधा को लेकर भौंन क्षेत्र में एंबुलेंस तैनाती के लिए उपयुक्त स्थान चयन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने प्रेरणा स्वयं सहायता समूह और पीपली गांव स्थित सेब नर्सरी का निरीक्षण कर महिला समूहों एवं किसानों की आजीविका बढ़ाने के लिए विभागीय सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान विमला देवी, डीडीओ मनविंदर कौर, उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला, बीडीओ प्रमोद चंद्र पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *