पौड़ी

रन फॉर योग’ रैली में उमड़ा युवाओं का उत्साह, पौड़ी में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश

पौड़ी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को पौड़ी नगर में आयोजित भव्य ‘रन फॉर योग’ रैली में युवाओं, छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन एवं आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली ने पूरे नगर में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाया।

रैली को एजेंसी चौक से स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली एजेंसी चौक से शुरू होकर माल रोड, बस अड्डा, धारा रोड और कलेक्ट्रेट परिसर होते हुए पुनः एजेंसी चौक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने योग के महत्व से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण का भी माध्यम है।

रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं की भागीदारी रही। प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडेय, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश सेमवाल, खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *