श्रीनगर में अंडरग्राउंड होंगी सभी बिजली लाइनें, उफरैंखाल में बनेगा विद्युत सब स्टेशन
श्रीनगर। श्रीनगर शहर में जल्द ही सभी विद्युत लाइनों को भूमिगत (अंडरग्राउंड) किए जाने की तैयारी शुरू होने जा रही है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने और उफरैंखाल में नए विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि बिजली की लाइनों के भूमिगत होने से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और खंभों पर झूलते तारों से होने वाली परेशानियों व संभावित दुर्घटनाओं से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने इसे आधुनिक और सुव्यवस्थित श्रीनगर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में सोलर सिटी परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने प्रथम चरण में सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों और अस्पतालों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
डॉ. रावत ने बताया कि उफरैंखाल में प्रस्तावित विद्युत सब स्टेशन के निर्माण से दूरस्थ गांवों तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसके अलावा जर्जर विद्युत पोलों को बदलने, जरूरत के अनुसार पोलों की शिफ्टिंग करने तथा पुराने ट्रांसफार्मरों के स्थान पर नए ट्रांसफार्मर लगाने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से बिजली बिल उपलब्ध कराने, विद्युत योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में ऊर्जा विभाग और यूपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
