नुक्कड़ नाटकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को मिली रफ्तार, 22 सांस्कृतिक दल गांव-गांव कर रहे जागरूक
एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और सत्यापन की दी जा रही जानकारी
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत 22 सांस्कृतिक दल सक्रिय रूप से मतदाता जागरूकता अभियान चला रहे हैं। नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

सांस्कृतिक दल अपनी रोचक और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के जरिए नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा नए पात्र नागरिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही प्रत्येक पात्र नागरिक से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की जा रही है।
जागरूकता कार्यक्रमों में बताया गया कि 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और सत्यापन कार्य कर रहे हैं। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने तथा निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए आवश्यक सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस चरण में मतदाताओं से किसी भी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।
सांस्कृतिक दलों ने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए गणना प्रपत्रों को सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके तथा कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना और निर्वाचक नामावली को अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाना है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने जनपदवासियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बीएलओ को समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराकर सभी नागरिक मतदाता सूची को अधिक सुदृढ़ और विश्वसनीय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
