पौड़ी

यूकेडी ने सरकार से मांगा जवाब, जनसरोकारों के मुद्दों पर उठाए सवाल

यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने प्रदेश की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार से जवाब मांगते हुए जनजागरण अभियान शुरू किया है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पेयजल, भ्रष्टाचार, बिजली दरों और स्थानीय युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।

यूकेडी नेता राहुल रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता वर्षों से बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन अनेक योजनाएं अब भी अधूरी हैं। उन्होंने सरकार से बीण नदी पुल, सिंगटाली पुल, मोटर मार्गों के निर्माण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर जवाब देने की मांग की।

राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, महंगी बिजली, पेयजल संकट और कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। यूकेडी का कहना है कि जनता के अधिकारों और क्षेत्रीय हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती तथा सरकार को इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड के संसाधनों और रोजगार के अवसरों पर स्थानीय युवाओं का पहला अधिकार होना चाहिए। उन्होंने लोगों से जागरूक होकर जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की।

यूकेडी ने अपने अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में जनसंपर्क बढ़ाने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प दोहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *