पौड़ी

आधार शिविर बना सहारा, 65 लोगों को मिली पहचान और योजनाओं से जुड़ने की राह

पौड़ी। जनपद में आधार पहचान से वंचित नागरिकों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित विशेष आधार नामांकन एवं अद्यतन शिविर बेहद सफल रहा। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला कार्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से 65 लोगों को आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिला।

शिविर में 18 वर्ष से अधिक आयु के 23 नागरिकों का पहली बार आधार पंजीकरण किया गया। इनमें पांच दिव्यांगजन भी शामिल रहे, जो अब तक आधार पहचान पत्र से वंचित थे। आधार बनने के बाद अब उन्हें सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं, बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

शिविर के दौरान कलालघाटी की हिमानी नेगी, मुछियाली की शोभा, कांसखेत के अजय कुमार, खादर तल्ला के सोबन सिंह और डांगी के दीपक सहित पांच दिव्यांगजनों का पहली बार आधार पंजीकरण किया गया। इसके अतिरिक्त 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के पांच बच्चों का भी आधार बनाया गया, जिससे भविष्य में उन्हें शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

कुल 65 लाभार्थियों को शिविर में सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें 28 नए आधार पंजीकरण तथा 37 लोगों के आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और अन्य जानकारियों का अद्यतन किया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आधार केवल पहचान पत्र नहीं बल्कि सरकारी सुविधाओं तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आधार जैसी आवश्यक पहचान से वंचित न रहे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि जिन लोगों के दस्तावेज अधूरे थे, उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद निकटतम आधार सेवा केंद्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद नागरिकों के लिए ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर के सफल संचालन में ईडीएम सचिन भट्ट, जनार्दन नौटियाल, सुनील कुमार, अंकित मुंडेपी, अभिषेक पोखरियाल सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *