पौड़ी

पौड़ी में अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, एक दिन में 77 अवैध कब्जे हटाए

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत जनपद पौड़ी में सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में शुक्रवार को श्रीनगर और कोटद्वार में संयुक्त अभियान चलाकर कुल 77 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।

श्रीनगर क्षेत्र में नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने श्रीनगर बाजार, नर्सरी रोड तथा श्रीकोट गंगानाली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए 16 अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। इस दौरान टिन शेड, झोपड़ियों और अन्य अस्थायी संरचनाओं को ध्वस्त कर भूमि को मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

वहीं कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व में चिन्हित 61 अस्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई की। सड़क किनारे बने अवैध ढांचों को हटाकर मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही में सुधार होगा।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण की पहचान करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान श्रीनगर में तहसीलदार दीपक भंडारी, नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट सहित राजस्व एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कोटद्वार में प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी कार्रवाई में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *