“नमस्ते योग” ऐप से कर्मचारियों ने सीखा योग, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज
पौड़ी। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन और जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, पौड़ी गढ़वाल द्वारा जिला कार्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित “नमस्ते योग” ऐप के माध्यम से योग के महत्व और उसके व्यावहारिक लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अंजू अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी ट्रेनिंग” है। उन्होंने कहा कि “नमस्ते योग” ऐप लोगों को घर, कार्यालय और यात्रा के दौरान भी सरल एवं प्रभावी योगाभ्यास करने की सुविधा प्रदान करता है।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में लंबे समय तक बैठकर कार्य करने की वजह से गर्दन दर्द, कमर दर्द, मोटापा, तनाव और अनिद्रा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। नियमित योगाभ्यास इन समस्याओं से बचाव का प्रभावी माध्यम है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक है।
योग अनुदेशिका गीता ने प्रतिभागियों को ग्रीवा संचालन, ताड़ासन, पद्मासन, भद्रासन, त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही ध्यान और मेडिटेशन की तकनीकों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित ध्यान मानसिक तनाव को कम करने और एकाग्रता बढ़ाने में मददगार है।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने सही शारीरिक मुद्रा, श्वास-प्रश्वास की तकनीक और दैनिक जीवन में योग को अपनाने के सरल उपायों की जानकारी दी। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, जिला खनन अधिकारी अंकित मुयाल, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
