पौड़ी

विनसर महादेव विकास को मिली रफ्तार, चौथान क्षेत्र को सड़क और खेल मैदान की सौगात

पौड़ी गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने अपने तीन दिवसीय क्षेत्रीय भ्रमण के अंतिम दिन चौथान क्षेत्र में कई विकास कार्यों का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को सड़क और खेल सुविधाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विनसर महादेव मंदिर क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा के साथ खेल मैदान का शिलान्यास और मोटर मार्ग का लोकार्पण किया।

बूंगीधार में आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री ने प्रभागीय वनाधिकारी, उपजिलाधिकारी थलीसैंण तथा दूधातोली विनसर चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विनसर महादेव क्षेत्र धार्मिक आस्था, संस्कृति और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है तथा इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इसके बाद उन्होंने देवराणी देवी (बूंगीधार) में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि खेल मैदान बनने से क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

कैबिनेट मंत्री ने थलीसैंण क्षेत्र में 230.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित 2.875 किलोमीटर लंबे मैखुली-देवराड़ी-गणतखाल मोटर मार्ग के सुधार एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी टीकाराम, जिला युवा कल्याण अधिकारी रोहित सिंह फोनिया, जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *