पौड़ी

छात्रों के लिए ज्ञान-विज्ञान का नया केंद्र बनेगा जिला विज्ञान संग्रहालय : मंडलायुक्त

पौड़ी गढ़वाल। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को श्रीनगर रोड स्थित निर्माणाधीन जिला विज्ञान संग्रहालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और विकसित की जा रही वैज्ञानिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संबंधी ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों से संग्रहालय में स्थापित की जा रही विभिन्न वैज्ञानिक प्रदर्शनी, गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि संग्रहालय के माध्यम से छात्रों को आधुनिक वैज्ञानिक अवधारणाओं और नई तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित होगी।

मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विज्ञान संग्रहालय शिक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा नई पीढ़ी को विज्ञान के प्रति प्रेरित करेगा।

इसके बाद उन्होंने 15 जून को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच मार्ग, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने नगर पालिका को रामलीला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत कराने तथा विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार जोशी, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *