मुख्यमंत्री के निर्देश पर पौड़ी में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज, कई स्थानों से सरकारी भूमि कराई मुक्त
पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीमों ने विभिन्न तहसीलों में निरीक्षण कर सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की।

तहसील लैंसडाउन के तोल्यूं तोक, ग्राम च्वरा (पट्टी डबरालस्यूं-03) में निरीक्षण के दौरान सरकारी भूमि पर अतिरिक्त तारबाड़ लगाकर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया। राजस्व विभाग ने भूमि का सत्यापन करने के बाद अवैध तारबाड़ हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
इसी प्रकार तहसील रिखणीखाल के ग्राम गुर्डेता, ग्राम घेडी तथा ग्राम कण्डिया तल्ला में राजस्व भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को संयुक्त कार्रवाई के तहत हटाया गया। विभाग ने संबंधित स्थलों को पुनः सरकारी नियंत्रण में ले लिया।
तहसील कोटद्वार के ग्राम नंदपुर, पट्टी मोटाढाक स्थित पटवारी चौकी की भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी चिन्हित कर हटाया गया। भूमि के अभिलेखीय परीक्षण और स्थलीय निरीक्षण के बाद राजकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वहीं ग्राम खूनीबड़ में बंजर श्रेणी की सरकारी भूमि पर तारबाड़, गमलों और नर्सरी के माध्यम से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी राजस्व विभाग ने चिन्हित किया। विभागीय कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति ने स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया, जिससे भूमि पुनः मुक्त हो गई।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जनपद में राजकीय भूमि, सार्वजनिक मार्गों, चारागाहों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी तहसीलों में नियमित निरीक्षण और निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की है कि सरकारी भूमि पर कहीं भी अवैध कब्जा दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
