बारिश से मिली गर्मी और जंगलों की आग से राहत, जलस्रोतों में बढ़ी उम्मीद
द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। क्षेत्र में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली और बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। साथ ही जंगलों में धधक रही आग पर भी काफी हद तक नियंत्रण होने की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षा नहीं होने के कारण गर्मी बढ़ रही थी और जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ रही थीं। सुबह हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

ग्रामीणों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में भी मौसम इसी तरह मेहरबान रहा तो क्षेत्र के जलस्रोतों में पानी की उपलब्धता बनी रहेगी। वर्षा से जंगलों और चारागाहों में हरियाली लौटेगी तथा पशुओं के लिए पर्याप्त घास उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा जंगलों में आग लगने की घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है।
बारिश के बाद क्षेत्र में किसानों और पशुपालकों के चेहरों पर भी संतोष दिखाई दिया, क्योंकि वर्षा को खेती और प्राकृतिक संसाधनों के लिए लाभदायक माना जा रहा है।
