30 सितम्बर तक छात्रवृत्ति के लिए कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रक्रिया शुरू
पौड़ी गढ़वाल। समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र छात्र-छात्राएं 30 सितम्बर 2026 तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि आवेदन से पहले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) नंबर जनरेट करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ओटीआर नंबर के माध्यम से लॉग इन कर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते हुए आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक होना आवश्यक है तथा छात्रवृत्ति प्राप्त होने तक खाते को सक्रिय रखना होगा। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को अपनी श्रेणी एवं संबंधित छात्रवृत्ति योजना का सही चयन करने की सलाह दी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि छात्रवृत्ति आवेदन करने वाले शैक्षणिक संस्थानों के पास सत्र 2026-27 के लिए मान्यता एवं संबद्धता प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। संस्थानों के नोडल अधिकारियों और प्रधानाचार्यों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन संबंधी दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि आवेदन संबंधी तकनीकी सहायता के लिए समाज कल्याण विभाग के टोल फ्री नंबर 18001804236 और मोबाइल नंबर 6395221188 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही पात्र छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।
