पौड़ी

11 जून को पौड़ी में लगेगा विशेष आधार नामांकन शिविर, फिंगरप्रिंट और आइरिस संबंधी समस्याओं का होगा समाधान

पौड़ी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 11 जून को जिला कार्यालय, पौड़ी में विशेष आधार नामांकन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को आधार नामांकन की सुविधा प्रदान करना है, जिनका आधार कार्ड अब तक नहीं बन पाया है।

प्रातः 10:30 बजे से आयोजित होने वाले इस शिविर में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के उन नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें अभी तक आधार संख्या प्राप्त नहीं हुई है। आधार नामांकन के लिए आवेदकों को मतदाता पहचान पत्र अथवा ऑनलाइन सीआरएस पोर्टल से जारी जन्म प्रमाण पत्र, फोटो एवं क्यूआर कोड युक्त स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा मोबाइल नंबर साथ लाना होगा।

18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए जन्म प्रमाण पत्र अथवा स्थायी निवास प्रमाण पत्र, माता या पिता का आधार कार्ड और मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना आवश्यक रहेगा।

शिविर में उन लोगों को भी विशेष सुविधा दी जाएगी, जिनका आधार नामांकन पूर्व में फिंगरप्रिंट कैप्चर न होने या आइरिस प्रमाणीकरण संबंधी तकनीकी कारणों से लंबित रह गया था। ऐसे नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपनी लंबित प्रक्रिया पूरी करा सकेंगे।

जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने कहा कि यह पहल आधार से वंचित नागरिकों तक आवश्यक पहचान सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *