पौड़ी

शारदा घाट में 92 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

श्रीनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा बुधवार को शारदा घाट, श्रीनगर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों सहित 92 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।

वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अंजू अग्रवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में सहायक है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

योग अनुदेशकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में दण्डासन, पादहस्तासन, वज्रासन, शशकासन, वक्रासन, उत्तानपादासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन एवं सेतुबंधासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडेय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का प्रभावी माध्यम है।

इस अवसर पर महापौर प्रतिनिधि दिनेश पटवाल, ब्रह्मकुमारी आयुषी, सामाजिक कार्यकर्ता सुकृति गौड़, योग विभाग के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *