25 सूत्रीय कार्यक्रमों में लाएं तेजी, समय पर पोर्टल पर करें अपडेट: सीडीओ
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभागीय प्रगति की अद्यतन जानकारी प्रत्येक माह की 10 तारीख तक अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन से ही निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति संभव है।

मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा विकास कार्यों में तेजी लाएं।
बैठक में उन्होंने उन निकायों को प्राथमिकता के आधार पर गौशाला निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां अभी तक भूमि का चयन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्यों को समय पर पूरा किया जाए ताकि आमजन को उनका लाभ शीघ्र मिल सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी, सहायक कर आयुक्त चंचल चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी के.एस. नेगी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
