लालपानी में सरकारी भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन की कार्रवाई जारी
कोटद्वार/पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर जनपद में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील कोटद्वार प्रशासन ने ग्राम लालपानी, पटवारी क्षेत्र सनेह में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

राजस्व विभाग को प्राप्त शिकायत और अभिलेखीय जांच में ग्राम लालपानी स्थित लगभग एक बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की। तहसील प्रशासन ने जेसीबी मशीन की सहायता से अतिक्रमण हटाकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। इस दौरान कानूनगो अतर सिंह, पटवारी सीता मुयाल सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजकीय भूमि की सुरक्षा और सार्वजनिक हितों की रक्षा के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
