दिशा ध्याणी रामलीला में हुआ सीता हरण प्रसंग का मंचन, दर्शकों ने सराहा कलाकारों का अभिनय
द्वारीखाल। दिशा ध्याणी रामलीला समिति, ग्राम डंगला द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव में रविवार रात्रि सीता हरण लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों ने उपस्थित होकर रामलीला का आनंद लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं वर्तमान मेयर कोटद्वार शैलेंद्र सिंह रावत तथा संदीप चौहान रहे। इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को धर्म, संस्कृति और अपनी मातृभूमि से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पलायन के कारण अनेक गांव खाली हो चुके हैं और कई मकान जर्जर अवस्था में हैं, लेकिन इस तरह के आयोजनों से लोग अपने गांव लौटते हैं तथा अपने घरों की देखभाल और मरम्मत भी करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को इस पहल के लिए बधाई दी।
संदीप चौहान ने कहा कि यह जानकर प्रसन्नता हुई कि रामलीला का यह आयोजन बहन-बेटियों को समर्पित है और ध्याणियों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनके लिए पारंपरिक अरसा-कलेऊ की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 4/5 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्कूलों की छुट्टियों के दौरान बच्चों को भी धर्म, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ रहे हैं।
रामलीला में भगवान राम की भूमिका अरुण डबराल, लक्ष्मण की भूमिका हर्षमोहन डबराल, रावण की भूमिका बंटी नैथानी, मारीच की भूमिका नरेश डबराल तथा खर की भूमिका हेमचंद ने निभाई। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख रवीन्द्र रावत, कुलदीप नेगी, सुमित सिलस्वाल, हिमांशु रावत, रंजन जखमोला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
