मुख्यमंत्री के भू-कानून अभियान को बड़ी सफलता, 27.5 नाली भूमि सरकार में निहित
धुमाकोट/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में भू-कानून के प्रभावी अनुपालन को लेकर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में धुमाकोट तहसील के ग्राम ल्वींठा मल्ला में भू-कानून के उल्लंघन के एक मामले में जिला प्रशासन ने लगभग 27.5 नाली भूमि को राज्य सरकार में निहित कर उस पर कब्जा प्राप्त कर लिया है।

उपजिलाधिकारी धुमाकोट के अनुसार, मामले में बाहरी व्यक्तियों द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक भूमि क्रय किए जाने की शिकायत सामने आई थी। जांच, राजस्व अभिलेखों के परीक्षण और जिलाधिकारी न्यायालय में सुनवाई पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को राज्य सरकार में निहित करने के आदेश जारी किए गए। आदेशों के अनुपालन में राजस्व विभाग ने संबंधित भूमि पर कब्जा भी प्राप्त कर लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में भू-कानून से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है और राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भूमि का उपयोग उसी उद्देश्य के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, जिसके लिए उसे क्रय या स्वीकृत किया गया था। शर्तों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भू-कानून के प्रावधानों के उल्लंघन, स्वीकृत शर्तों के विपरीत भूमि उपयोग, अवैध खरीद-फरोख्त तथा सरकारी एवं राजस्व भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित जांच कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में भू-कानून के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
